Himachal pradesh: हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था का मुख्य स्रोत पर्यटन है। हिमाचल सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसके लिए कांगड़ा जिले के लिए ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया गया है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाना है। सीएम ने पर्यटन विभाग के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद कहा कि कांगड़ा जिले में पर्यटन के लिए कई सारी सुविधाएं हैं। सरकार कांगड़ा में पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक की ओर से स्वीकृत 390 करोड़ व्यय करेगी।
प्रदेश सरकार ने कांगड़ा जिले के धरोहर गांव परागपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स बनाने का निर्णय लिया है। वहीं, पालमपुर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए भी कई योजनाओं को तैयार किया जा रहा है। जिसमें एक उन्नत किस्म का रिजॉर्ट 24 घंटे के लिए पर्यटन गांव, एक आधुनिक रोलर स्केटिंग रिंक और एक वेलनेस सेंटर का निर्माण किया जाएगा। सरकार ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के बनखंडी में 180 हेक्टेयर भूमि को चिह्नित किया है, जिसमें एक आधुनिक चिड़ियाघर का निर्माण किया जाएगा।
सीएम सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा, साथ ही धर्मशाला में पर्यटकों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का फाउंटेन, कन्वेंशन सेंटर, फूड कोर्ट और पार्किंग सुविधा के क्षेत्र में भी कार्य किया जाएगा। सरकार ने पौंग बांध में हाउस बोट, क्रूज, याच और जलक्रीड़ा गतिविधियां शुरू करने का भी फैसला लिया है।
इसे भी पढ़े- Tourist in himachal: हिमाचल में पर्यटकों का उमड़ा हुजूम, सोलंगनाला-धुंधी से अटल टनल तक लगा रहा जाम