होम / Flying Festival Shimla: सीएम सुक्खू ने जारी किया शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल का टीजर, जुन्गा में होगा आयोजन

Flying Festival Shimla: सीएम सुक्खू ने जारी किया शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल का टीजर, जुन्गा में होगा आयोजन

• LAST UPDATED : October 6, 2023

India News (इंडिया न्यूज़), Flying Festival Shimla, Himachal: सीएम सुक्खू ने बुधवार देर शाम 2023 शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल का टीजर जारी किया। हिमाचल पर्यटन विभाग एवं दि ग्लाइड इन के संयुक्त तत्वावधान में यह फेस्टिवल 12 से 15 अक्टूबर शिमला के पास जुन्गा में आयोजित होगा। इस अवसर पर सीएम का कहना है कि इस साल मानसून के समय लगभग तीन माह तक प्रदेश में भारी बरसात, लैंडस्लाइड और बाढ़ जैसी घटनाओं की वजह से भारी क्षति हुई है। प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय पर भी इस प्राकृतिक आपदा की वजह से प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा से उभरने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में अब जनजीवन सामान्य है तथा आवागमन के लिए सभी सड़कें भी खुली हैं।

हिमाचल है पर्यटन गतिविधियों के लिए सुरक्षित 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन गतिविधियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के आयोजन से साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में साहसिक पर्यटन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है। जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रदेश में सभी पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, ग्लाइड इन के प्रबंध निदेशक अरुण रावत, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क राजीव कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

9 अक्तूबर को सीएम करेंगे सम्मेलन संबोधित

वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 9 अक्तूबर को उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के सम्मेलन संबोधित करेंगे। यह सम्मेलन राज्य सचिवालय शिमला के आर्म्सडेल भवन के सभागार में होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के उपयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को बुलाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुई तबाही के बाद डीसी और एसपी का यह पहला सम्मेलन होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश में राहत कार्यों के बारे में विशेष रूप से मंत्रणा होगी तथा राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं बाकि विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
SHARE
ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox