होम / Himachal Weather: हिमाचल में मानसून पड़ा कमजोर, जल्द ही होगी विदाई

Himachal Weather: हिमाचल में मानसून पड़ा कमजोर, जल्द ही होगी विदाई

• LAST UPDATED : September 22, 2023

India News (इंडिया न्यूज़), Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी, कम ऊंचाई वाले व मध्य पर्वतीय कुछ भागों में 25 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है। 25 सितंबर के बाद मानसून राज्य से विदा हो सकता है। राज्य के सभी भागों में 26 सितंबर से मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

25 सितंबर को हो सकती है मानसून की विदाई

प्रदेश से मानसून विदा होने की सामान्य तिथि 25 सितंबर है, लेकिन 2022 में यह आठ दिन बाद 3 अक्तूबर को विदा हुआ। वर्ष 2021 में 8 अक्टूबर को मानसून विदा हुआ था। उधर, प्रदेश में सितंबर में सामान्य से 29 फीसदी कम बारिश हुई। मानसून सीजन में 24 जून से 21 सितंबर तक प्रदेश सामान्य से 35 फीसदी अधिक बादल बरसे। एक से 21 सितंबर तक प्रदेश में 94.2 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है।

इस वर्ष इस अवधि में 62.1 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से अगले सप्ताह मानसून विदा होना शुरू हो जाएगा। पूरे प्रदेश से मानसून की वापसी इस महीने के आखिर तक होगी।  वहीं, गुरुवार को राजधानी शिमला व अन्य भागों में मौसम साफ रहा। राज्य में गुरुवार को भी 34 सड़कें, 317 बिजली ट्रांसफार्मर व दो जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित रहीं।

अधिकतम तापमान

चंबा में अधिकतम तापमान 32.6,  धर्मशाला 30.0, केलांग 22.5, कांगड़ा 32.6, कल्पा 25.2, मंडी 32.9, सुंदरनगर 32.4, भुंतर 32.1, बिलासपुर 34.4, शिमला 23.6 और कुफरी में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

 इस मानसून सीजन में अब तक 11086  घरों को आंशिक नुकसान

इस मानसून सीजन में 24 जून से 20 सितंबर तक 458 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इनमें से 173 की सड़कों हादसों में मौत हो गई। कुल 349 घायल हुए हैं। राज्य में 2629  घर पूरी तरह ढह गए हैं। 11086  को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त 319 दुकानों व 5942 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून सीजन के दौरान अब तक 8666.76 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। अब तक राज्य में भूस्खलन की 168 और अचानक बाढ़ की 72 घटनाएं सामने आई हैं।

रोहतांग और लेडी ऑफ केलांग में गिरे फाहे

मनाली-लेह मार्ग के साथ रोहतांग दर्रा के अलावा ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। गुरुवार को भी जिला मुख्यालय केनांग के साथ लेडी ऑफ केलांग, रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजम दर्रा, शिंकुला, जिंगजिंगार और सीबी रेंज की चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई। इससे गिरावट आई है। हालांकि मनाली-लेह के साथ ग्रांफू-काजा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही। एसपी केलांग मयंक चौधरी ने कहा कि मनाली-लेह मार्ग अधिकारिक तौर पर बंद हो गया है। ऐसे में दारचा से आगे लेह की तरफ जाने वाले लोग मौसम को भांपकर ही आवाजाही करें। बर्फ गिरने से मनाली-लेह मार्ग कभी अवरुद्ध हो सकता है।
SHARE
ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox